झंडूता तहसील में लोक मित्र केंद्र संचालकों को दिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश(बिलासपुर)। ई-सर्टिफिकेट के लिए आवेदन करते समय दस्तावेज या जानकारी में कमी रहने पर अब लोगों को प्रमाणपत्र के लिए अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता है। आवेदन अधूरा होने पर उसे कार्यालय से वापस करना पड़ता है। इसके बाद सुधार के लिए दोबारा आवेदन करना पड़ता है, जिससे लोगों को लोक मित्र केंद्र और तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसी समस्या को देखते हुए तहसील कार्यालय झंडूता में लोक मित्र केंद्र संचालकों को ई-सर्टिफिकेट सेवाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में संचालकों को ऑनलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों, आवेदन में दर्ज की जाने वाली जानकारी और आवेदन के दौरान आने वाली तकनीकी व अन्य समस्याओं के समाधान की जानकारी दी। संचालकों से कहा गया कि नागरिकों के आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांचने के बाद ही ऑनलाइन प्रस्तुत किए जाएं। अधिकारियों ने बताया कि आवेदन में जरूरी जानकारी या दस्तावेज नहीं होने पर उसे कार्यालय स्तर पर वापस करना पड़ता है। इससे प्रमाणपत्र जारी होने की प्रक्रिया लंबी हो जाती है। कई बार आवेदक को कमी दूर करने के लिए दोबारा लोक मित्र केंद्र जाना पड़ता है। प्रशिक्षण में संचालकों को ऐसी कमियों से बचने के लिए आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारी और दस्तावेज जांचने के निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण के दौरान लोक मित्र केंद्र संचालकों ने ई-सर्टिफिकेट सेवाओं से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य लोक मित्र केंद्रों के माध्यम से आने वाले आवेदनों को पहली बार में ही सही और पूर्ण रूप से प्रस्तुत करवाना रहा, ताकि लोगों के समय और धन की बचत हो सके। इस अवसर पर तहसीलदार झंडूता बिपन शर्मा, ई-जिला प्रबंधक अखिल शर्मा, सीएससी प्रबंधक योगेश धीमान सहित तहसील क्षेत्र के लोक मित्र केंद्र संचालक मौजूद रहे।