दो चरणों में हो चुका है टीकाकरण, मात्र 441 किशोरियों को ही लगी है है वैक्सीन
जिले में 2735 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का रखा है लक्ष्य
जागरूक करने के बाद भी टीकाकरण के लिए आगे नहीं आ रही किशोरियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण को लेकर अभी भी किशोरियों का रुझान नहीं बढ़ा है। अभी तक जिले में मात्र 441 ने ही टीका लगाया है, जबकि दो चरण टीकाकरण के हो चुके हैं। अब लक्ष्य पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पात्र किशोरियों तक वैक्सीन पहुंचाने के लिए विशेष रणनीति बनाई है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक 441 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है, जबकि लक्ष्य 2735 किशोरियों का निर्धारित किया गया है। कम प्रगति को देखते हुए विभाग ने 11 अप्रैल और 12 अप्रैल को विशेष टीकाकरण अभियान को और तेज गति देने का निर्णय लिया है ताकि सभी 14 से लेकर 15 आयु तक की किशोरियों को इस वैक्सीन का लाभ मिल सकें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. शशि दत्त शर्मा ने शुक्रवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में 30 स्वास्थ्य केंद्रों के अधिकारियों के साथ अभियान की समीक्षा की। बैठक में एचपीवी टीकाकरण के साथ 100 दिवसीय टीबी अभियान और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं पर भी चर्चा की गई। सीएमओ ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कर्मचारी घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक किशोरियां टीकाकरण से जुड़ सकें। इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 30 सीसीपी केंद्र खोले गए है जहां पर किशोरियों के लिए टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस अभियान में शामिल कर भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव सुनिश्चित करें। यह वैक्सीन स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क लगाया जा रहा है । बैठक में बीएमओ घुमारवीं डॉ. अनुपम शर्मा, बीएमओ मार्कंडेय डाॅ. सुरेंद्र सिंह बावा, बीएमओ श्री नयना देवी आलोक सिंगला सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।