- राम भजन गाकर किया भगवान श्री राम का गुणगान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में पंडितों द्वारा पूजित अक्षत कलश का घुमारवीं पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। अक्षत कलश के स्वागत में जय श्री राम के उद्घोषों से पूरा घुमारवीं बाजार गुंजायमान हो उठा। लोगों ने इस उपलक्ष्य पर पूरे घुमारवीं बाजार में भव्य शोभायात्रा निकाली। राम भजन गाकर उनकी महिमा का गुणगान किया।
इसके बाद इस कलश को विधिवत पूजन के बाद घुमारवीं में स्थित नाहर सिंह मंदिर में लाया गया। वहां पर श्री राम आरती एवं प्रसाद वितरण कर कलश स्थापित किया गया। कलश यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कलश के दर्शन किए, शहर के लोगों ने अक्षत कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया। कलश यात्रा के संयोजक विपन चंदेल ने बताया कि यह अक्षत कलश अयोध्या से भेजा गया है। राम भक्तों की टोलियां घर-घर पीले चावल 1 से 15 जनवरी तक वितरित करेंगी। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला का भव्य मंदिर बनने के उपरांत 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर देशभर में अक्षत कलश यात्रा आयोजित की जा रही है। इस कार्यक्रम के लिए अक्षत और निमंत्रण पत्र 22 जनवरी से पहले हर सनातनी के घर तक पहुंचेंगे। लोगों से आग्रह किया कि 22 जनवरी को श्री राम मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होंगे। उस दिन अपने घरों और नजदीकी मंदिरों को भव्य रूप से सजाएं। यह उत्सव वैसा ही होना चाहिए, जैसा हम दीपावली या फिर अन्य त्योहार मनाते हैं।