हादसे में दूसरा प्रशिक्षु अभी भी गंभीर, आईसीयू में भर्ती
फोरलेन पर रात के समय हुआ था हादसा, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सड़क हादसे में एम्स प्रशिक्षु की मौत के मामले में सामने आया है कि दोनों जूनियर छात्र सीनियर की स्कूटी लेकर बाहर गए थे। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पडगल के पास शनिवार देर रात हुए इस हादसे में एम्स प्रशिक्षु अखिलेश की मौत हो गई थी, जबकि साथी आयुष कुमार गंभीर रूप से घायल है। वे आईसीयू में उपचाराधीन हैं। पुलिस अब सीसीटीवी खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस को दिए बयान में पीयूष बंसल निवासी गुरुचरण पार्क, गोचर मार्केट, लुधियाना, पंजाब ने बताया कि वह एम्स कोठीपुरा में एमबीबीएस का प्रशिक्षु है। संस्थान के दो जूनियर छात्र अखिलेश निवासी झुंझुनू, राजस्थान और आयुष कुमार आदर्श निवासी फरीदाबाद, हरियाणा 29 नवंबर को उसकी स्कूटी लेकर बाहर गए थे। रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। दोनों एम्स के आपातकालीन वार्ड में भर्ती हैं। जहां डॉक्टरों ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया। आयुष की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पडगल चौक के सीसीटीवी कैमरे तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर रहे थे, इसलिए प्रारंभिक स्तर पर पुलिस को कोई स्पष्ट फुटेज नहीं मिला है। अभी तक पता नहीं चल पाया है कि स्कूटी कौन चला रहा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने कहा कि फुटेज रिकवर होने पर हादसे की परिस्थितियां साफ हो सकेंगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।