एसपी कार्यालय के बाहर की नारेबाजी, एसपी को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। घुमारवीं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दी गई शिकायतों पर कार्रवाई न होने पर भाजपा ने बुधवार को बिलासपुर में प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद मैदान से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक रैली निकाली और नारेबाजी कर मांगें उठाईं। पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में निष्पक्ष और समान कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि 2 सितंबर को पुलिस थाना घुमारवीं में भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध एफआईआर संख्या 176 और 178 दर्ज की गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार इसी घटनाक्रम और समान प्रकृति के मामलों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी घुमारवीं थाने में लिखित शिकायतें दी गई थीं। इन शिकायतों पर अब तक एफआईआर दर्ज करने अथवा अन्य प्रभावी वैधानिक कार्रवाई नहीं किए जाने की बात कही। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा कार्यकर्ता 8 सितंबर से पुलिस थाना घुमारवीं के बाहर क्रमिक धरना और क्रमिक अनशन कर रहे हैं।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि मांगों पर समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा लोकतांत्रिक एवं सांविधानिक दायरे में आंदोलन को और व्यापक करेगी। रैली में पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग, सदर विधायक त्रिलोक जमवाल, जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी स्वदेश ठाकुर, जिला महामंत्री नवीन शर्मा और प्यारेलाल चौधरी समेत भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।