राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले को लेकर पेयजल, बिजली, यातायात इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश
शहर के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नगर परिषद चलाएगा विशेष सफाई अभियान
विश्वकर्मा मंदिर, मेन बाजार, गुरुद्वारा चौक, लुहणू क्षेत्र पर प्रशासन की खास नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को गति दे दी है। मेले से पूर्व निकलने वाली पारंपरिक शोभायात्रा को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने प्रस्तावित शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण किया।
एडीसी ने संबंधित विभागों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। शोभायात्रा मार्ग पर स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर फोकस निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने नगर परिषद को निर्देश दिए कि शोभायात्रा मार्ग पर चिह्नित हॉटस्पॉट क्षेत्रों से प्राथमिकता के आधार पर कचरा हटाया जाए और विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु, कलाकार और पर्यटक पहुंचते हैं, ऐसे में शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से विश्वकर्मा मंदिर के समीप मुख्य सड़क, मेन बाजार, गुरुद्वारा चौक, लुहणू क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नालियों की सफाई, सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाने और आवश्यक मरम्मत कार्य समय रहते पूरा करने को भी कहा गया। एडीसी ने जल शक्ति विभाग, विद्युत बोर्ड, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान निर्बाध पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अस्थायी पेयजल बिंदु, मोबाइल टॉयलेट और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्थापित किए जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। प्रशासन ने पुलिस और परिवहन विभाग को विशेष यातायात योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। शोभायात्रा मार्ग पर यातायात डायवर्जन, पार्किंग स्थलों की पहचान तथा भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की योजना बनाई जा रही है। कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि मेले का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। कहा कि नलवाड़ी मेला जिला की सांस्कृतिक विरासत और पहचान का प्रतीक है, इसलिए इसके आयोजन में गुणवत्ता और अनुशासन दोनों सुनिश्चित किए जाने चाहिए।