26.57 किलोग्राम चरस और 803.3 ग्राम हेरोइन बरामद
कुल्लू, पंजाब में भी पुलिस ने की कार्रवाई, अभियान जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं पुलिस ने नशे के खिलाफ छेड़ी मुहिम में बड़ी सफलता हासिल की है। दस माह में पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए कुल 44 केस दर्ज किए हैं और 69 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 26.57 किलोग्राम चरस और 803.3 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। पुलिस का नशा मुक्ति अभियान जारी है।
डीएसपी विशाल वर्मा के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान ने नशा माफिया के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ गुप्त सूचना तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का सहारा लेकर नशे के सौदागरों की धरपकड़ तेज कर दी है। पिछले दो महीनों में पुलिस ने कई बड़े तस्करों को दबोचा है। पुलिस की कार्रवाई का दायरा केवल स्थानीय सीमाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कुल्लू और पंजाब तक फैले तस्कर भी इस अभियान की गिरफ्त में आए। हाल ही में कुल्लू जिले के एक बड़े गिरोह को दबोचा गया, जिसमें एक महिला तस्कर भी शामिल थी। इन गिरफ्तारियों के बाद नशा कारोबार से जुड़े कई संदिग्ध भूमिगत हो गए हैं। हाल में फोरलेन पर घुमारवीं पुलिस की टीम ने 500 ग्राम हेरोइन बरामद की थी, जो जिला पुलिस की अब तक की बड़ी कामयाबी है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनकी निशानदेही पर पुलिस बाहरी राज्यों से भी तस्करों को पकड़ने का कार्य कर रही है। बीते सप्ताह पुलिस ने घुमारवीं क्षेत्र के एक मुख्य तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। इसके अलावा फोरलेन पर पुलिस विशेष ध्यान दे रही है। हर समय फोरलेन पर पुलिस की टीम तैनात रहती है। पुलिस का कहना है कि अब अभियान को और तेज किया जाएगा ताकि क्षेत्र में नशे की खेप न पहुंच सके।
कोट
नशे के खिलाफ पुलिस की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। हमारा लक्ष्य सिर्फ तस्करों को पकड़ना ही नहीं, बल्कि इस ज़हर के कारोबार को पूरी तरह खत्म करना है। आम जनता भी इसमें सहयोग करे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दे।
-विशाल वर्मा, डीएसपी, घुमारवीं