घुमारवीं पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने सोमवार देर शाम फोरलेन लिंक रोड मल्यावर की ओर लगाए नाके के दौरान बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक कार से 410.3 ग्राम चरस बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
मंडी की ओर से आ रही एक कार को शक के आधार पर जांच के लिए रोका गया। कार की तलाशी लेने पर सीट के नीचे से 410.3 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपियों को काबू कर वाहन को कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल (23) निवासी कांगड़ा और मनीष शर्मा (22) निवासी शिमला के रूप में हुई है। पुलिस आशंका जता रही है कि दोनों किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं, इसलिए उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है।