शाहतलाई (बिलासपुर)। शाहतलाई थाना पुलिस ने बंगाणा पुलिस की मदद से दो बाइक चोरों को दबोच लिया है। आरोपियों को पकड़ने में सीसीटीवी फुटेज की बड़ी भूमिका रही। मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
बिहार के गांव भुलानी निवासी मोहम्मद ताहा ने शिकायत में बताया कि वह रंग रोगन का कार्य करता है। हमीरपुर जिले के बिझड़ में किराये के मकान में रहता है। शाहतलाई के पास भगतपुर में एक मकान में रंग रोगन का कार्य करने के लिए अपनी बाइक पर आया था। भगतपुर में तलाई-बच्छरेटू सड़क किनारे बाइक को खड़ा करके काम पर चला गया। जब वापस आया तो बाइक गायब मिली। तलाई पुलिस के एएसआई नरेश कुमार ने अपनी टीम के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इस दौरान एक सुराग हाथ लगा जिस पर जिला ऊना बंगाणा पुलिस थाना प्रभारी प्रेमपाल को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने चोरों को दो घंटे के भीतर बंगाणा से पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपियों की पहचान साहिल पुत्र सुरेंद्र और विक्रम दत्त पुत्र सुनील दत्त निवासी जिला जालंधर पंजाब के रूप में हुई है। इसकी पुष्टि डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने की है।