स्वारघाट थाना के तहत एक ट्रक ने लोअर बाजार में चार गाड़ियों को टक्कर मार दी। इससे एक गाड़ी चालक बुरी तरह से घायल हो गया।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक एक ट्रक नालागढ़ से स्वारघाट की ओर जा रहा था कि स्वारघाट लोअर बाजार में ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी एक टाटा सूमो को टक्कर मार दी।
टक्कर के समय सूमो चालक नीरज कुमार निवासी काथला सूमो के पास खड़ा था। टक्कर होते ही सूमो ने नीरज को चपेट में ले लिया।
इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खड़े तीन अन्य वाहनों से जा टकराया। हालांकि इस दुर्घटना में एक ही व्यक्ति घायल हुआ है, क्योंकि बाजार में उस समय चहल-पहल की थी।
अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने नीरज कुमार को प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्वारघाट पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एफआरयू नालागढ़ के लिए रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक चालक को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी स्वारघाट कर्म सिंह ठाकुर ने बताया कि ट्रक चालक को मेडिकल के लिए पीएचसी स्वारघाट ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।