बिलासपुर कॉलेज में प्रदर्शन करते एबीवीपी के कार्यकर्ता। स्रोत: एबीवीपी
छात्र संगठन ने प्रदेश सरकार पर उठाए सवाल
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सरकाघाट में छात्रा सिया की हत्या के विरोध में वीरवार को बिलासपुर कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान छात्रों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना था कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधों को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है, जिसके चलते इस तरह की दर्दनाक घटनाएं सामने आ रही हैं। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मांग की कि इस हत्याकांड के दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। साथ ही उन्होंने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की भी मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो संगठन आने वाले समय में और उग्र आंदोलन करेगा।