नाकाबंदी के दौरान घुमारवीं पुलिस ने की कार्रवाई
कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के समीप नाकाबंदी के दौरान एक युवक को 657 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम ने बलोह टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान एक कार को जांच के लिए रोका गया। कार में एक युवक सवार था, जो पुलिस को देखकर घबरा गया। शक होने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली और इस दौरान उससे 657 ग्राम चरस बरामद की गई। आरोपी की पहचान राहुल (25) निवासी गांव कून डाकघर कोट तहसील कोटली मंडी के रूप में हुई है। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ थाना घुमारवीं में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि जिला पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जा रहा है, ताकि समाज में फैल रहे इस जहर को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी को भी अपने आसपास नशे से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर दें।