- सास ने दुपट्टे से बचाने की कोशिश भी की, लेकिन तेज बहाव में बह गई
- तरेड़ गांव में रविवार शाम को हुई घटना, खोज अभियान जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर थाना के तहत तरेड़ गांव में एक महिला सतलुज नदी में बह गई। महिला नदी किनारे सास के साथ घास काट रही थी। इसी बीच पैर फिसला और नदी में जा गिरी। सास ने दुपट्टे से बहु को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन नदी का तेज बहाव महिला बह गई। पुलिस ने महिला को ढूंढने के लिए अभियान चलाया है।
जानकारी के अनुसार कौशल्या देवी (40) पत्नी ज्ञान चंद निवासी गांव तरेड़ डाकघर चांदपुर बिलासपुर रविवार शाम को सास के साथ घास काटने के लिए नदी के किनारे गई थी। इसी बीच वह नदी में जा गिरी। उसने सास को आवाज लगाई। सास ने बचाने के लिए दुपट्टा फेंका, लेकिन महिला उसे पकड़ नहीं सकी। इसी बीच किनारे पर खड़े मोटरबोट चालकों ने भी महिला को बचाने के लिए बोट को नदी में चलाया, लेकिन वह भी महिला तक नहीं पहुंच सके। बताया जा रहा कि शाम के समय कोलडैम से नदी में पानी छोड़ा गया था, जिस कारण नदी का बहाव भी तेज था। महिला के बहने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने रविवार देर शाम तक महिला की तलाश की। सोमवार को भी दिन भर खोज अभियान चलाया गया। स्थानीय तैराकों की भी मदद ली गई। इसके अलावा ड्रोन से भी महिला की खोज बागछाल पुल तक की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अब मंगलवार को बीबीएमबी के गोताखोरों को बुलाया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने बताया कि महिला की खोज की जा रही है।