बैहना जट्टां से फोरलेन तक निकाली गई यात्रा
शोभायात्रा में निकाली गई सुंदर झांकियां
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। रामनवमी के पावन अवसर पर श्री राधा कृष्ण मंदिर कमेटी हरिद्वार धराड़सानी मंदिर के की ओर से शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए ऋषिकेश बैहना जट्टां फोरलेन तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा के दौरान भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामुदायिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। यात्रा के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के जीवन प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण रहीं। इन झांकियों ने न केवल धार्मिक भावनाओं को जागृत किया, बल्कि लोगों को मर्यादा, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश भी दिया। पूरी यात्रा के दौरान जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, शंख ध्वनि और भजनों के साथ नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे। केसरिया झंडों और हनुमत ध्वजों से सजी शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं की ओर से शोभायात्रा का स्वागत भी किया गया। शोभायात्रा के सफल आयोजन में स्थानीय लोगों और समिति सदस्यों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर विजय चंदेल, बलदेव शर्मा, जीवन कुमार, बलदेव सिंह, सरम सिंह, सुरेश, सुरेंद्र चंदेल, देशराज, राज चंदेल, सरोज, पुष्पा, संगीता, सुषमा चंदेल, अनीता और अच्छरी देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।