झंडूता के समोह में लगी आग को बुझाते दमकल विभाग के कर्मचारी। संवाद
अग्निशमन विभाग ने आग पर पाया काबू
घटना में पीड़ित परिवार को 50 हजार का नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता(बिलासपुर)। जिले के उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत समोह में मंगलवार सुबह एक पशुशाला में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते आग ने पूरी पशुशाला को चपेट में ले लिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब सात बजे राहुल चौधरी पुत्र नंदलाल चौधरी को सूचना मिली कि उनकी दुकान के पीछे स्थित पशुशाला वाले कमरे से आग की लपटें उठ रहीं हैं। जब तक वह मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए पशुशाला में बंधे पशुओं को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इस दौरान पशु शाला के अंदर रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की घटना में पीड़ित परिवार को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र झंडूता की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन अधिकारी राजेश ने बताया कि आग की लपटें काफी तेज थीं, लेकिन समय रहते कार्रवाई किए जाने से पास में स्थित टायर पंचर की दुकान और साथ लगते रिहायशी मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया, अन्यथा नुकसान और अधिक हो सकता था।