जिले की सभी पंचायतों में कल से चलेगा वित्तीय समावेशन अभियान
जन सुरक्षा योजनाओं में नामांकन, जनधन खाते, केवाईसी, साइबर सुरक्षा जागरूकता पर रहेगा फोकस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अग्रणी जिला बैंक कार्यालय की ओर से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष वित्तीय समावेशन शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से आम लोगों तक बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
अग्रणी जिला प्रबंधक चंद्रशेखर यादव और नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक साहिल कीर्ति ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक वित्तीय सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाना है। इसके साथ ही लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, डिजिटल भुगतान प्रणाली और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविरों में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में नामांकन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत नए खाते खोले जाएंगे तथा निष्क्रिय खातों को पुनः सक्रिय किया जाएगा। शिविरों में केवाईसी पंजीकरण, बैंक खातों और लॉकरों में नामांकन अपडेट करने तथा बचत और जनधन खातों की पुनः केवाईसी प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
अभियान के दौरान वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान सेवाओं के उपयोग और साइबर धोखाधड़ी से बचाव संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों ने जिले के सभी नागरिकों से अपने-अपने पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वित्तीय सुरक्षा, वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।