- जल्द तलाई सहकारी संघर्ष समिति करेगी मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। सहकारी सभा सीमित तलाई के खाताधारकों की ओर से गठित संघर्ष समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समिति का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिलेगा और सभा में फंसे खाताधारकों की जमा पूंजी को लौटाने की मांग की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे समिति के प्रधान भजन लाल शर्मा ने बताया कि संघर्ष समिति की ओर से उच्च न्यायालय में पीआईएल डालने का निर्णय भी लिया गया। खाताधारकों ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि दी तलाई सहकारी सभा सीमित तलाई का हर वर्ष ऑडिट सहकारिता विभाग के ऑडिटरों की ओर से किया जाता था, जोकि एक सरकारी विभाग है। बड़ी बात यह है कि सरकार व सहकारिता विभाग के अधिकारी सहकारिता दिवस व अन्य कार्यक्रमों में शेयर धारकों को सभा में पैसे जमा करवाने के लिए प्रेरित किया जाता था। अब जब सभा में करोड़ों रुपये का घोटाला हो गया तो विभाग व सरकार ने शेयर धारकों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। इस मौके पर जसवंत सिंह बनियाल, श्रीराम संख्यान, शक्ति चंद शर्मा, धर्म चंद और प्रकाश चंद सहित अन्य मौजूद रहे।