घुमारवीं के कसारु कस्बे में चलती कार में लगी आग
विशेषज्ञों के अनुसार वाहन की समय पर कराएं सर्विस
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। आए दिन चलते वाहनों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजी घटना घुमारवीं के कसारु कस्बे में हुई, जहां चलती कार में आग लग गई।
विशेषज्ञों के अनुसार वाहनों में आग लगने के मुख्य कारण वायरिंग या बैटरी में शॉर्ट सर्किट और तेल का रिसाव होता है। इससे बचने के वाहन मालिक को जागरूक होना जरूरी है। उन्हें समय-समय पर तारों, बैटरी और तेल टैंक का निरीक्षण करते रहना चाहिए। दधोल में वाहन इलेक्ट्रिशियन का काम करने वाले जसवीर और पडयालग में वाहन मैकेनिक का काम करने वाले संजय कुमार के मुताबिक गाड़ी में आमतौर पर आग लगने का कारण तेल रिसाव या शॉर्ट सर्किट होना रहता है। इसके अलावा गाड़ी ओवरहीट होने की वजह से भी आग पकड़ लेती है। जब लंबे सफर जाएं तो इंजन के ज्यादा गर्म होने पर वाहन को थोड़े देर के लिए खड़ा कर दें। ताकि ओवरहीट होने से बचा जा सके। बताया कि समय पर गाड़ी की सर्विस न होने से भी कई बार हादसे हो जाते हैं। ऐसे में सावधानी बेहद जरूरी है। जब इंजन का तापमान अधिक हो जाता है तो नजदीक लगी प्लास्टिक की पाइपें गर्म हो जाती हैं। इससे भी ऐसे हादसे हो सकते हैं। कई बार गाड़ी में लगे सिगरेट जलाने वाले लाइटर भी शार्ट सर्किट की वजह बन जाते हैं। इन छोटी बातों को ध्यान में रखते हुए हादसों से बचा जा सकता है। समय पर अपने वाहन की सर्विस करवाना जरूरी है। ईंधन टैंक कहीं से लीक तो नहीं है इसकी भी जांच करना जरूरी है। गाड़ी की कोई तार कहीं से कटी तो नहीं है, इसका भी ध्यान रखना जरूरी है। यदि गाड़ी में आग लगने की घटना हो जाए तो तुरंत किनारे गाड़ी खड़ी कर दें। इंजन बंद करके दूर हो जाएं।