घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद डिग्री कालेज घुमारवीं में शनिवार को छात्र संघ समारोह की धूम रही। कार्यक्रम में कालेज विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। इस दौरान कई प्रतियोगिताओं सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जिसमें पहाड़ी और फिल्मी तरानों पर छात्र-छात्राओं ने खूब धमाल मचाया। एक से बढ़कर एक नगमे पेश कर विद्यार्थियों ने माहौल को रंगीन बना दिया।
छात्र संघ समारोह में डा. टीआर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अन्य गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए। इस तरह की गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होती है। छात्र संघ के प्रधान मनीष शर्मा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में अभिमन्यु और वीरेंद्र की टीम ने नशे पर नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से कलाकारों ने देश में बढ़ रही नशे की कुरीति को दूर करने का संदेश दिया। इसके अलावा पहाड़ी तरानों ने भी खूब समां बांधा। नृत्य में चांदनी, पूजा, प्रिंस, किरण, अंकुश सहित अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान छात्र संघ के प्रधान मनीष शर्मा, उपप्रधान रिंकू, शिवम, पंकज सहित अन्य मौजूद रहे।
अनिल पटियाल