बिलासपुर। जिला के विख्यात राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 2019 का आयोजन 17 से 23 मार्च तक किया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों से आवेदन के साथ मांगी गई कार्यक्रम की वीडियो क्लिपिंग के सार्थक परिणाम सामने आए हैं। इसमें प्रदेश ही नहीं अपितु राज्य से बाहर के कलाकार भी अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए वीडियो क्लिपिंग उपलब्ध करवा रहे हैं।
उपायुक्त बिलासपुर विवेक भाटिया ने बताया कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है आवश्यकता है कि श्रेष्ठ कलाकारों को व्यापक रूप से मंच उपलब्ध करवाया जाए ताकि जहां दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हो वहीं पात्र कलाकारों को उचित मंच भी मिले। इस दिशा में नलवाड़ी मेला समिति की ओर से किए जा रहे प्रयास फलीभूत हो रहे हैं।
उपायुक्त ने बताया कि कलाकारों को नलवाड़ी मेले में अपनी प्रस्तुति देने के लिए 15 मार्च तक अपने दल का नाम, दल के सदस्यों की संख्या, वेशभूषा का वृत्तांत, प्रस्तुति के लिए मानदेय, प्रस्तुति की समयावधि के लिए समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित किया गया था। इसके फलस्वरूप कलाकार व्यापक रूप से अपने आवेदन व क्लिपिंग भेज रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कलाकारों से उनका पूरा विवरण मोबाइल न. 98164-63155 पर व्हाट्सएप और प्रशासन की मेले पर भेजने का आग्रह किया गया है।