अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला बिलासपुर ने प्रदेश स्तर पर विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। बिलासपुर इकाई के उपाध्यक्ष सौरव गौतम ने कहा कि विद्यार्थी परिषद आज पूरे प्रदेश में मांगों को लेकर जिला केंद्रों पर प्रदर्शन कर रही है।
एससीए चुनाव 2013 से बंद हैं और विद्यार्थी परिषद लगातार लंबे समय से चुनाव बहाली को लेकर आंदोलनरत है और सरकार व विश्वविद्यालय प्रशासन से इसकी बहाली को लेकर मांग उठाती रही है। कृषि विवि और नौणी विवि में जो फीस की वृद्धि हुई है उसे भी वापिस लिया जाना चाहिए। हाल ही में केंद्रीय विश्वविद्यालय में जो गैर शिक्षकों की भर्ती हुई है उसकी धांधली की भी जांच की जानी चाहिए।
हिमाचल प्रदेश के अनेक महाविद्यालयों में शिक्षकों के अनेक पद रिक्त हैं सरकार को उन्हें तुरंत भरना चाहिए क्योंकि इससे छात्रों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। आज हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। सरकार दोबारा रोजगार दे करके पुराने लोगों को सेवा विस्तार का मौका दे रही है। विद्यार्थी परिषद सरकार से यह मांग करती है कि पुराने लोगों की बजाय नए लोगों को मौका दिया जाना चाहिए जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके। विद्यार्थी परिषद आज पूरे हिमाचल में शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही है। अगर विद्यार्थी परिषद की मांगों को लेकर गौर नहीं किया जाता तो विद्यार्थी परिषद अपने आंदोलन को बड़े स्तर तक ले जाएगी।