मांगें नहीं मानी तो संघ करेगा बिजली बोर्ड मुख्यालय का होगा घेराव
तकनीकी कर्मचारी संघ ने विद्युत बोर्ड अधिकारियों को दिया 15 दिनों का अल्टीमेटम
अमर उजाला ब्यूरो
जुखाला (बिलासपुर)। प्रदेश विद्युत परिषद तकनीकी कर्मचारी संघ अपनी मांगों को अमलीजामा न पहनने पर उग्र हो गया है। विद्युत बोर्ड अधिकारियों को चेताया कि अगर 15 दिनों के भीतर मांगें न मानी तो शिमला में विद्युत बोर्ड मुख्यालय का घेराव करेंगे जिसकी सारी जिम्मेवारी अधिकारियों की होगी।
हिमाचल प्रदेश विद्युत परिषद तकनीकी कर्मचारी संघ के राज्य वरिष्ठ उपप्रधान शालीग्राम ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 8 मई 2018 को संघ के स्थापना दिवस पर लाइनमैन से फोरमैन पदोन्नति अवधि 7 से 5 वर्ष, तकनीकी कर्मचारियों को मोबाइल भत्ता प्रदान करना एवं तकनीकी कर्मचारियों के 600 पदों को भरने की घोषणा की थी। इसके आदेश मुख्यमंत्री कार्यालय से एक सप्ताह के भीतर मिल गए थे लेकिन विद्युत बोर्ड के अधिकारियों ने 3 महीने बीत जाने पर भी इन आदेशों पर कोई कार्रवाई नहीं की। इससे लगता है कि अधिकारी मुख्यमंत्री के आदेशों की परवाह नहीं करते हैं। इसका तकनीकी कर्मचारी संघ ने कड़ा संज्ञान लिया है और चेताया है कि अगर 15 दिनों में मांगों पर अमलीजामा न पहनाया गया तो प्रदेश के हजारों विद्युत बोर्ड के तकनीकी कर्मचारी विद्युत बोर्ड के शिमला स्थित मुख्यालय का घेराव करेंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी विद्युत बोर्ड के अधिकारियों की होगी।
-------------------------
...गोपाल शर्मा...खेमराज शर्मा।