प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना का लाभ लें युवा : प्रोमिला शर्मा
कहा, 5.40 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मिलेगा रोजगार
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। भारत सरकार ने वर्ष 2016 से 2020 तक की अवधि के लिए एक नई केंद्रीय क्षेत्र योजना प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना का आरंभ किया है। इसके लिए भारत सरकार ने 6 हजार करोड़ रुपये का आवंटन किया है। इस योजना के तहत 20 लाख किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है तथा इसके अतिरिक्त देश के लगभग 5 लाख 40 हजार बेरोजगार युवाओं के लिए प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर सृजन होंगे। इस योजना का कार्यान्वयन खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय भारत सरकार की ओर से किया जा रहा है। यह जानकारी प्रबंधक जिला उद्योग केंद्र प्रोमिला शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना एक व्यापक पैकेज है। इसके परिणाम स्वरूप खेत से लेकर खुदरा बिक्री केंद्रों तक दक्ष आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन के साथ आधुनिक अवसंरचना का सृजन होगा। उन्होंने बताया कि इससे देश में न केवल खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की वृद्धि को तीव्र गति प्राप्त होगी, बल्कि यह किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने तथा किसानों की आय को दोगुना करने, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के भारी अवसरों का सृजन करने, कृषि उपज की बर्बादी में कमी लाने, प्रसंस्करण तथा प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के निर्यात के स्तर को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना के अंतर्गत मेगा खाद्य पार्क, कोल्ड चेन, खाद्य प्रसंस्करण एवं परीक्षण क्षमताओं का सृजन, विस्तार, कृषि प्रसंस्करण क्लस्टर अवसंरचना, बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकेजों का सृजन, खाद्य संरक्षण एवं गुणवत्ता आश्वासन अवसंरचना, मानव संसाधन एवं संस्थान इत्यादि स्कीमों का कार्यान्वयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय भारत सरकार की वेबसाइट या टोल फ्री नंबर 11800111175 पर या महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र बिलासपुर या खंड स्तर पर खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में प्रसार अधिकारी उद्योग से संपर्क कर सकते हैं।