बिलासपुर।
घुमारवीं में जिले के सबसे बड़े इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए युवा सेवाएं एवं खेल विभाग ने जगह का चयन भी कर लिया है। खेल स्टेडियम का निर्माण छह करोड़ की लागत से करवाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए खेल विभाग ने एक करोड़ रुपये लोनिवि के पास जमा करवा दिए हैं। ताकि जल्द ही इंडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य हो सके। घुमारवीं के बल्ली में इंडोर स्टेडियम निर्माण के लिए जगह चयनित की गई है। यह इंडोर स्टेडियम बिलासपुर के लुहणू खेल परिसर में बने इंडोर स्टेडियम से भी बड़ा होगा।
स्टेडियम के भीतर का स्पेस 70-40 मीटर का होगा। यह आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें महिलाओं और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग से कमरे बनाए जाएंगे, इसके अलावा कोच और अन्य स्टाफ के लिए भी रहने की पूरी व्यवस्था होगी। वहीं चौकीदार से लेकर इंडोर स्टेडियम का रख-रखाव करने वाले कर्मचारियों के लिए भी अलग-अलग कमरों का निर्माण किया जाएगा। घुमारवीं में इस इंडोर स्टेडियम के बनने से जिले में इंडोर स्टेडियमों की संख्या दो हो जाएगाी।
इसका लाभ खिलाड़ियों को भी मिलेगा। इस स्टेडियम के बनने से इसके भीतर सभी प्रकार की इंडोर खेलों का आयोजन किया जा सकेगा। इससें वॉलीबाल, बास्केटबाल, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, हैंडबाल, टेबल-टेनिस और शतरंज सहित अन्य जो भी खेले इंडोर स्टेडियम में खेली जाती है, उनके लिए बेहतर स्थान उपलब्ध करवाया जाएगा। जिला खेल अधिकारी श्याम लाल कौंडल का बताया कि घुमारवीं के बल्ली में इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। एक करोड़ की पहली किश्त लोनिवि के पास जमा करवा दी गई है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, इस पर छह करोड़ की राशि खर्च की जाएगी।