डीसीएम ने बाइक सवार जेसीबी चालक को रौंदा, मौत
बिलासपुर (रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र में एक डीसीएम ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
ऊधमसिंहनगर जिले के थाना माधोटांडा के ग्राम मोनी गुलडिय़ा निवासी आकाश (23) जेसीबी का चालक था। वह मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धावनी हसनपुर के जंगल में जेसीबी से काम कर रहा था। शाम करीब पांच बजे वह जेसीबी को जंगल में छोड़कर चाचा असरम सरकार के साथ बाइक से धावनी हसनपुर गांव स्थित एक होटल पर चाय पीने के लिए आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह चाय पीने के बाद बाइक से वापस जेसीबी मशीन पर जा रहा था। असीम बाइक चला रहा था और वह पीछे बैठा था। बिलासपुर-केमरी रोड पर एक डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आकाश बाइक से नीचे गिर गया। इस दौरान डीसीएम ने उसे रौंद दिया। हादसे में आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत भाग गया। घटना के बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ लग गई। लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। इस दौरान उसके साथ काम करने वाले लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मृतक के परिजनों को भी फोन द्वारा घटना की जानकारी दी। युवक की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने असीम की तरफ से अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके शव पोस्टमार्टम को भेजा है।