बिलासपुर शहीद स्मारक पर पहुंची बाइक रैली का स्वागत करते हुए डॉ. मल्लिका नड्डा व अन्य।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं चेतना संस्था के पदाधिकारी हरीश नड्डा की अगुवाई में फ्रीडम बाइक रैली निकाली जा रही है। इस रैली में देशभर के 75 बाइकर भाग ले रहे हैं। वीरवार को रैली बिलासपुर पहुंची, जहां पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की पत्नी डॉक्टर मल्लिका नड्डा ने रैली का भव्य स्वागत किया।
बाइक रैली में शामिल बाइकर्स ने बिलासपुर शहीद स्मारक पर भारत माता की प्रतिमा पर फूल अर्पित किए। उसके बाद उन्होंने शहीद स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि दी। बिलासपुर पहुंचने पर हरीश नड्डा ने बताया कि आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में इस रैली में 75 बाइकर शामिल है। रैली 75 दिन में 18,000 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस रैली को 9 सितंबर को नई दिल्ली से गृह मंत्री अमित शाह ने रवाना किया था।
उन्होंने कहा कि दिल्ली से चंडीगढ़, अमृतसर, जम्मू, श्रीनगर, लेह, सियाचीन, कारगिल व जिस्पा होते हुए रैली बिलासपुर पहुंची। इसके बाद यह शिमला होते हुए देश के अन्य राज्यों व केंद्र शासित राज्यों से गुजरते हुए 25 नवंबर को वापस दिल्ली पहुंचेगी। जहां इसका समापन होगा। उन्होंने कहा कि वह शिमला तक इस रैली के साथ रहेंगे। इस अवसर पर मल्लिका नड्डा के अलावा विधायक सुभाष ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।