अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। दिवाली को देखते हुए अग्निशमन विभाग सजग हो गया है। सभी कर्मचारियों की छुट्टियां नौ नवंबर तक रद्द कर दी गई हैं। सभी कर्मचारियों को स्टेशन न छोड़ने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जबकि बिलासपुर शहर में पटाखों व आतिशबाजी से कोई नुकसान न हो इसके लिए दमकल विभाग ने एक वाहन डियारा सेक्टर में स्थापित कर दिया है।
बिलासपुर में इस समय 30 का स्टाफ कार्यरत है, जबकि घुमारवीं में 20 तो श्री नयना देवी जी में भी 20 कर्मचारियों का स्टाफ है। इन सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दिवाली को देखते हुए सभी कर्मचारियों को स्टेंड बाय में रखा गया है। सुरक्षा को देखते हुए डियारा सेक्टर में एक वाहन तैनात किया गया है, जो सात नवंबर रात तक यहीं पर तैनात रहेगा। इसके अलावा एक अन्य वाहन कार्यालय में रिजर्व में रहेगा, जो जरूरत पड़ने पर इसे इस्तेमाल में लाया जाएगा।
फायर अधिकारी सुभाष चंद मिश्रा का कहना है कि सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं, जबकि वाहनों को तैयार रखा गया है। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वह ध्यान में रखते हुए पटाखे चलाएं ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इनसेट....
बिलासपुर अस्पताल में भी रहेगी सुविधा
वहीं बिलासपुर अस्पताल में आग से झुलसने वाले लोगों के लिए अलग से सुविधा का प्रावधान किया गया है। दिवाली के दौरान अगर कोई आग से झुलस जाता है तो उसे प्राथमिक उपचार केे लिए अस्पताल में स्टाफ तैनात किया गया है।
इनसेट....
श्री नयना देवी पहुंचे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा अपने परिवार सहित विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी पहुंचे। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी डॉक्टर मल्लिका नड्डा और बेटा हरीश नड्डा भी मौजूद हैं। अपनी कुलदेवी का आशीर्वाद लेने के लिए जेपी नड्डा माता के दरबार में पहुंचे हैं जहां पर उन्होंने माताजी की पूजा-अर्चना की वहीं पर माता जी के प्राचीन हवन कुंड में आहुति भी डाली। इस मौके पर जिला प्रशासन की तरफ से जहां पर सभी अधिकारी मौजूद रहे। वहीं पर स्थानीय पुलिस और होमगार्ड के जवान भी उनके साथ रहे।