रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत, मचा कोहराम
बिलासपुर (रामपुर)। अपनी बहन को बाइक से लेने आ रहे एक युवक को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुंडिया खुर्द निवासी छोटे लाल (28 वर्ष) की बहन सोमवार की सुबह दिल्ली से बस से अपने मायके आ रही थी। उसने सुबह करीब पांच बजे अपने भाई छोटे लाल को फोन कर बताया कि वह नगर में नैनीताल हाईवे स्थित ेअहरो तिरोह पर खड़ी है। जिस पर छोटेलाल बाइक से अपने बहन को लेने जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में भाखड़ा डैम के निकट रूद्रपुर की तरफ से आ रही एक आगरा डिपो की रोडवेज बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे छोटेलाल बाइक से गिर गया, इसके बाद बस उसे रौंदते हुए निकल गई। हादसे में छोटेलाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक बस लेकर फरार हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवक की मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के भाई नेमचंद की तरफ से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। कोतवाली प्रभारी सुनील अहलावत ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और बस चालक को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।