अमर उजाला ब्यूरो
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ स्वारघाट खंड इकाई के प्रधान रणजीत सिंह ठाकुर और महासचिव रोशन लाल ने बताया कि प्राथमिक शिक्षा खंड स्वारघाट में कार्यरत सभी अध्यापकों, जलवाहकों, दैनिक भोगियों और मिड-डे-मील वर्करों को इस बार फरवरी का वेतन नहीं मिला है। इस कारण इन्हें भारी आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। वेतन नहीं मिलने से इस बार उनके परिजन और बच्चे भी रंगोत्सव होली का त्योहार अच्छे ढंग से नहीं मना सके हैं। इस कारण इस बार इनकी होली भी बेरंग और फीकी रही है।
शिक्षक संघ का कहना है कि शिक्षकों के बहुत से कार्य लंबित हैं। दो साल से कार्यालय के बाबू फाइलों पर कुंडली मार कर बैठे हैं। इस कारण लंबे अरसे से यात्रा भत्तों, चिकित्सा भत्तों, वेतन एरियर, वेतन वृद्धि बकाया, महंगाई भत्ते और अंतरिम राहत का बकाया दो साल से लंबित है।