बिलासपुर के बस अड्डे के पास वाहनों की चेकिंग करती चुनाव आयोग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
बिलासपुर। जैसे-जैसे प्रदेश में मतदान का दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे चुनाव आयोग व पुलिस मुस्तैद होती दिख रही है। जगह-जगह नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। स्वयं प्रशासनिक अधिकारी नाकों का मुआयना कर रहे हैं। बाहरी राज्यों से आने वाले व हर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है। बुधवार को भी बिलासपुर शहर के पास वाहनों की चेकिंग की गई।
चुनाव आयोग के उड़नदस्ते और पुलिस कर्मचारी टीम में शामिल हैं। इसके साथ ही टीम के साथ वीडियोग्राफर भी है, जो चेक होने वाले हर वाहन की रिकॉर्डिंग कर रहा है। ताकि किसी भी समय आपत्ति जाहिर होने पर वीडियो को देखा जा सके।
बिलासपुर जिला वैसे भी पंजाब राज्य की सीमा के साथ सटा है। ऐसे में यहां पर ज्यादा मुस्तैदी दिखानी पड़ती है। इसके अलावा बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक भी यहीं से होकर कुल्लू, मनाली, रोहतांग के लिए जाते हैं। चुनावों के दौरान नेताओं द्वारा पैसों से वोट न खरीदे जाएं इसके लिए इस तरह का चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि चुनावों के दौरान किसी भी प्रकार की घटना को रोकने के लिए वाहनों की तलाशी की जा रही है। इसके अलावा चुनावों के दौरान पैसों के लेनदेन पर भी चुनाव आयोग की नजर है।