बिना गुणवत्ता जांचे ही स्कूल में लगवा दिया हैंडपंप : बीरूराम
कहा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की शिकायत पर भी आईपीएच विभाग ने ध्यान नहीं दिया
चेतावनी कांग्रेस पार्टी मामले को लेकर देगी धरना-प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
बरठीं(बिलासपुर)। विधानसभा क्षेत्र झंडूता के पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ. बीरू राम किशोर ने वर्तमान विधायक जीतराम कटवाल पर अपने चहेते कार्यकर्ताओं को लाभ देने के लिए दोकड़ू स्कूल में हैंडपंप लगाने का आरोप लगाया है। पूर्व विधायक का कहना है कि इस हैंडपंप को लगाने के लिए पानी की गुणवत्ता की जांच भी नहीं की गई है।
किशोर का कहना है कि भाजपा के कुछ रसूखदार कार्यकर्ताओं ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए बिना जनता की मांग के इस पाठशाला में एक हैंडपंप लगवा दिया है। पानी की जांच किए बिना ही बच्चों व समीप के लोगों को यह जहरीला पानी पिलाया जाता रहा। पानी पीने से बच्चे तथा लोग बीमार होने लगे।
स्थानीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से बच्चों को जहरीले पानी को पिलाने के मुद्दे को उठाया लेकिन आईपीएच विभाग ने इतने संवेदनशील मुद्दे पर भी कोई ध्यान नहीं दिया और न ही इस जहरीले पानी का परीक्षण करवाया। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी झंडूता के अध्यक्ष कैप्टन ओमप्रकाश चंदेल ने कहा कि विधायक जीतराम कटवाल क्षेत्र की समस्त जनता के हितों को नजर अंदाज करते हुए अपने चहेते कार्यकर्ताओं को लाभ पहुंचाने में लगे हुए हैं। कैप्टन चंदेल, रोहल पंचायत के कांग्रेस कार्यकर्ताओं बूथ प्रधान दोकड़ू रमेश चंद्र धीमान, राजकुमार, धनीराम, नानकू राम, बगसीराम, श्याम लाल, प्रेम लाल, भगत राम, रिशु राम शर्मा, मनोज कुमार आदि ने प्रदेश सरकार से सरकारी स्कूल दोकड़ू में लगाए गए हैंडपंप की जांच किसी सरकारी एजेंसी से करवाने की मांग की है। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर कड़ा संज्ञान लेते हुए धरना प्रदर्शन करने से भी नहीं चूकेगी।
----------------------
....मंगल ठाकुर।