खजुरिया। जिला मुख्यालय से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को खजुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में एक अपंजीकृत चिकित्सक की दुकान पर छापामारा। इस दौरान चिकित्सक दुकान छोड़कर भाग गया तो टीम ने उसकी दुकान सीज करके रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी शुरु कर दी है।
अहरो गांव के लोगों ने तहसील दिवस में डीएम से शिकायत की थी कि गांव में एक अपंजीकृत चिकित्सक लोगों को गलत ढंग से इलाज कर उनके जीवन से खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने चिकित्सक की डिग्री आदि चेक करके कार्रवाई की मांग की थी। डीएम ने सीएमओ को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। क्षेत्र के नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ. अजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम बुधवार की दोपहर अहरो गांव पहुंची। टीम ने अहरो-खजुरिया रोड पर स्थित एक क्लीनिक पर छापा मारा। आरोप है कि टीम को देखकर आरोपी चिकित्सक भाग गया। टीम ने क्लीनिक के अंदर दवाइयां व रजिस्ट्रेशन आदि को देखा। बताते हैं कि रजिस्ट्रेंशन व डिग्री नहीं मिल सकी। इसके बाद टीम ने क्लीनिक को सीज कर दिया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि चिकित्सक की शिकायत तहसील दिवस में डीएम से की गई थी, जिसकी जांच सीएमओ को दी गई थी। टीम आज जांच करने गई थी और चिकित्सक के न मिलने पर क्लीनिक सीज करने की कार्रवाई की गई है। टीम लीडर एसीएमओ बताया कि जांच के दौरान चिकित्सक नहीं मिला था और क्लीनिक का पंजीकरण व डिग्री आदि भी नहीं मिली है। आरोपी को नोटिस दे दिया गया है, दो दिन में संतोषजनक जबाब न मिलने पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।