- हादसे के समय एक और छोटा बच्चा था साथ
- छड़ोल में हुई घटना, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर थाना के तहत छड़ोल गांव में स्कूल से घर लौट रहे 5 साल के बच्चे की बावड़ी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के समय एक और बच्चा साथ था। जब तक वह किसी को बुलाकर लाता तब तक बच्चे की डूब मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की है।
जानकारी के अनुसार आतिश सहगल (5) पुत्र निर्मल सहगल निवासी गांव छड़ोल जिला बिलासपुर प्राथमिक पाठशाला लोअर छड़ोल में प्री नर्सरी का छात्र था। रोजाना की तरह वह वीरवार को घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्कूल गया था। दोपहर 1:00 बजे वह गांव के एक अन्य बच्चे के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में वह बावड़ी में पानी पीने के चला गया। इसी बीच उसका पांव फिसला और बावड़ी में गिर गया। दूसरे बच्चे ने शोर भी मचाया। इसके बाद घर की ओर भाग कर गया। उसने अपने और आतिश के परिजनों को घटना के बारे बताया। परिजन बावड़ी के पास पहुंचे और उसे बाहर निकाला। उसे अस्पताल भी पहुंचाया, लेकिन उसकी मृत्यु हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया। मामले की पुष्टि एएसपी शिव कुमार चौधरी ने की है।