आपातकालीन परिस्थितियों में निपटने के लिए वालंटियर किए जा रहे तैयार
प्रशिक्षण में 38 महिलाएं 11 पुरुष शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। गृह रक्षा कंपनी घुमारवीं की ओर से घुमारवीं में सिविल डिफेंस वालंटियरों को प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य आपदा प्रबंधन, बचाव कार्य, अग्निशमन और सिविल डिफेंस की विभिन्न तकनीकों की जानकारी देना है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयंसेवक प्रभावी भूमिका निभा सकें।
इन सभी सिविल डिफेंस वालंटियरों को गृह रक्षा विभाग विशेष प्रशिक्षण दे रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फायर फाइटिंग, रेस्क्यू ऑपरेशन, रस्सियों का सही उपयोग, ऊंचाई से लोगों को सुरक्षित निकालने की तकनीक, प्राथमिक उपचार और टीमवर्क की बारीकियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। होमगार्ड कमांडेंट बिलासपुर सुशील कुमार ने बताया कि वालंटियरों को आपदा से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है। गृह रक्षा का उद्देश्य केवल संकट के समय सहायता करना नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा की भावना को सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस वालंटियर किसी भी आपदा जैसे आगजनी, भूकंप, भूस्खलन या सड़क दुर्घटना में सबसे पहले मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में अहम योगदान देते हैं। इसके तहत विभिन्न प्रकार के रेस्क्यू ड्रिल करवाई जा रही हैं, ताकि स्वयंसेवक वास्तविक स्थिति में भी तत्परता के साथ कार्य कर सकें। प्रशिक्षण में कुल 49 वालंटियर भाग ले रहे हैं, जिनमें 38 महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं।