झंडूता (बिलासपुर)। सरकार लाखों रुपये खर्च कर लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक कर रही है। वहीं ग्राम पंचायतों को संपूर्ण स्वच्छता के लिए सम्मानित भी किया जा रहा है। लेकिन, विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत कलोल में स्वच्छता के दावों की पोल खुल रही है। ग्राम पंचायत कलोल के कार्यालय से मात्र बीस फीट की दूरी पर बने शौचालय पर कंटीली झाड़ियों ने कब्जा जमा रखा है। चारों ओर गंदगी फैली हुई है। कलोल बाजार में नालियों में गंदगी पसरी हुई है।
इस कारण बदबू फैली हुई है। जहां कूड़ा-कचरा फेंका गया है, वहां साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र , उप तहसील, पशु चिकित्सालय, राजकीय वरिष्ठ विद्यालय और लोक निर्माण विभाग का उपमंडल कार्यालय है। जहां हर रोज सैकड़ों लोगों का आना जाना लगा रहता है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गंदगी की समस्या के समाधान के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।