बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन करते श्रद्धालु। संवाद
लुधियाना से 10 हजार भक्तों संग पैदल पहुंचे संजीव कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई में रविवार को आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। करीब 40 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेककर बाबा बालक नाथ जी से सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।
रविवार होने के चलते सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। पूरा वातावरण भक्ति में सराबोर रहा और दिनभर भजन-कीर्तन व जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने पार्किंग, पेयजल, लंगर और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रही। मंदिर न्यास के अधिकारी विजय ने बताया कि अवकाश के दिन होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। प्रशासन की ओर से भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। इस दौरान सबसे खास आकर्षण लुधियाना से पहुंचे भगत संजीव कुमार रहे, जो करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के साथ पैदल यात्रा कर शाहतलाई पहुंचे। पूरी यात्रा के दौरान भक्तों ने भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ बाबा जी की महिमा का गुणगान किया। श्रद्धा और समर्पण का यह दृश्य हर किसी को भावविभोर कर गया।
बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन करते श्रद्धालु। संवाद