संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं बस स्टैंड को एनएच-103 से अंदर जाने वाली सड़क के किनारे बनने वाले फुटपाथ के लिए चार लाख रुपये का बजट जारी हो गया है। चार साल से इसके निर्माण के लिए बजट का इंतजार किया जा रहा था। मगर अभी तक लोगों को निराशा ही हाथ लग रही थी।
फुटपाथ न होने से यहां पर पैदल चलने वाले राहगीरों के नालियों में गिरने का डर बना रहता था।
फुटपाथ के बनने से नालियों में पनपन रहे मक्खी-मच्छरों से दुकानदार परेशान थे, अब उन्हें भी इससे निजात मिलेगी। यह फुटपाथ उस समय का प्रस्तावित है, जब बस स्टैंड का कार्य चल रहा था।
उस समय बस स्टैंड के निरीक्षण के लिए पूर्व सीपीएस राजेश धर्माणी आए थे, तो उन्होंने लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन को शीघ्र ही बजट मंजूर करवाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद करीब 26 लाख रुपये की लागत से एक तरफ नालियों के ऊपर लोहे के एंगल से ग्रिल बनाया गया है। इन ग्रिल से नालियां को ऊपर से ढककर लोग चलते हैं।
स्थानीय दुकानदार विनोद कुमार, राकेश, मनजीत ठाकुर, प्रदीप गुप्ता, दलेल सिंह, विशाल सोनी, रवि शर्मा और पूर्व भाजपा शहरी इकाई अध्यक्ष नरेश शर्मा ने इस समस्या को लेकर स्थानीय विधायक और सांसद के समक्ष भी मांग रखी थी।
खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि संबधित विभाग के अधिकारियों के पास बजट आ गया है। विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि इस कार्य को शीघ्र पूरा करें। उन्होंने कहा कि फुटपाथ के तैयार होने से स्थानीय लोगों को आवाजाही करने में कोई समस्या नहीं आएगी।