घुमारवीं में दवा नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध बिक्री और भंडारण पर शिकंजा
पांच मेडिकल स्टोरों की हुई जांच,
-लत लगाने वाली दवाओं की अवैध बिक्री की रोकथाम के लिए चला है अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। स्वास्थ्य खंड घुमारवीं के तहत दवा नियंत्रण विभाग ने शुक्रवार को शहर व आसपास के क्षेत्रों में मेडिकल स्टोरों पर औचक दबिश दी, जिसमें घुमारवीं में 390 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। इन्हें मौके पर ही जब्त कर सजी कर दिया गया। लत लगाने वाली (हैबिट फार्मिंग) दवाओं की अवैध बिक्री और भंडारण की रोकथाम के उद्देश्य से विभाग ने यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कोठी क्षेत्र स्थित एक मेडिकल स्टोर से 390 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए,जिन्हें मौके पर ही जब्त कर सीज कर दिया गया।
दवा निरीक्षक घुमारवीं दिनेश गौतम की अगुवाई में हुई कार्रवाई में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग से एएसआई रविंद्र चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी भी टीम के साथ मौजूद रहे। विभागीय टीम ने कुल पांच मेडिकल स्टोरों की जांच की, जिनमें घुमारवीं शहर के तीन, जबकि अवढानीघाट और कोठी में एक-एक मेडिकल स्टोर शामिल रहा। जांच के दौरान कोठी स्थित मेडिकल स्टोर से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल मिलने पर दवा विक्रेता से क्रय-विक्रय से संबंधित बिल और रिकॉर्ड प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज दिखाने में असफल रहा। इसके बाद सभी प्रतिबंधित दवाओं को जब्त कर मेडिकल स्टोर के खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। दवा निरीक्षक दिनेश गौतम ने बताया कि लत लगाने वाली दवाओं के दुरुपयोग से खासकर युवा पीढ़ी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। नशे की लत युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है, जिसे देखते हुए विभाग सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की छापा मारी आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी दवा विक्रेताओं से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री या भंडारण से दूर रहें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मेडिकल स्टोर संचालकों को दवाओं का पूरा और सही रिकॉर्ड रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।