बारिश से आईपीएच को दो करोड़ का नुकसान
तीन डिविजनों की 45 पेयजल स्कीमें हुई प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। बारिश का कहर आईपीएच विभाग पर इस कदर पड़ा है कि बारिश से विभाग को दो करोड़ का नुकसान हुआ है। विभाग के अनुसार अभी तक करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये का नुकसान हो गया है। करीब 45 पेयजल स्कीमें सीधे तौर पर प्रभावित हुई हैं जिससे लाखों की आबादी पर पेयजल संकट खड़ा हो गया है।
आईपीएच विभाग के तीन डिविजनों घुमारवीं, झंडूता व बरठीं की 45 स्कीमों को बारिश के पानी ने पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। इन पेयजल योजनाओं के लिए बनाए गए पंप हाउसों में बारिश का पानी भर जाने से मशीनें खराब हो गई हैं। सीर, सुन्हाणी, री, शुक्र, अली खड्डों पर बनाई गई इन पेयजल योजनाओं के प्रभावित होने से लाखों की आबादी पर असर पड़ा है। कई जगहों पर तो पंप हाउसों की मशीनें पानी के बहाव में बह गई हैं। घुमारवीं, झंडूता व बरठीं की पेयजल योजनाओं के खराब हो जाने से लोगों पर पानी का संकट भी मंडरा जाएगा।
विभागीय अधिकारियों की माने तो खराब हुई मशीनरी को ठीक करने के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा जो पाइपें विभिन्न पंप हाउसों से पानी के बहाव के चलते बह गई हैं, उन्हें भी ठीक किया जा रहा है ताकि लोगों को पानी की सुविधा दोबारा से मुहैया करवाई जा सके। इसके ऊपर काम किया जा रहा है।
आईपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता सतीश शर्मा ने कहा बारिश से विभाग को एक करोड़ 80 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जो स्कीमें प्रभावित हुई हैं उनको ठीक करने का काम युद्ध स्तर पर चला हुआ है।
---------------
....खेमराज शर्मा।