- मरहाणा पंचायत में 10 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर की ओर से मरहाणा पंचायत के बाड़ा दा घाट गांव में लोगों को खुम्ब उत्पादन का 10 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में स्वयं सहायता समूह और बीपीएल परिवार से 30 महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के समापन पर संस्थान के निदेशक भास्करानंद कौंडल ने प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र दिए। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि वह स्वरोजगार के तौर पर खुम्ब उत्पादन से जुड़कर अपनी आजीविका कमा सकते हैं। उन्होंने बताया कि यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा चलाया जाता है। 18 से 45 साल के बेरोजगार ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के लिए ड्रेस डिजाइनिंग, ब्यूटी पार्लर, रेशम कीट पालन, मशरूम उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, बैग बनाना, खिलौना बनाना, कंप्यूटर बेसिक, मोटर ड्राइविंग जैसी कई गतिविधियों में निशुल्क प्रशिक्षण देता है। उन्होंने लोगों को बैंक की ओर से चलाई जा रही अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, बीमा योजना आदि के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर बीडी सांख्यान, लीना शर्मा सहित अन्य भी उपस्थित रहे।