इंडियन एक्सीलेंसी अवार्ड 2026 के आयोजन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद लाडली फाउंडेश
लाडली फाउंडेशन चार नवंबर को बिलासपुर में आयोजित करेगा समारोह
तैयारियों को लेकर बैठक में गठित की विभिन्न कमेटियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लाडली फाउंडेशन की ओर से चार नवंबर को बिलासपुर में इंडियन एक्सीलेंसी अवाॅर्ड-2026 समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें आईएएस और आईपीएस अधिकारियों सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली करीब 30 विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह की तैयारियों को लेकर बिलासपुर में बैठक आयोजित की गई। इसमें आयोजन को सफल बनाने के लिए विस्तार से चर्चा की गई और विभिन्न कमेटियों का गठन कर सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। लाडली फाउंडेशन की उपाध्यक्ष डॉ. अंकिता चौधरी ने बताया कि संस्था की ओर से समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। पुरस्कार के लिए समाज सेवा, खेल, स्वास्थ्य, आपसी भाईचारे, कला, संस्कृति, शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस और अन्य विभागों में सराहनीय सेवाएं देने वाली हस्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाडली फाउंडेशन बेटियों को बचाने, उन्हें शिक्षित करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। इंडियन एक्सीलेंसी अवाॅर्ड के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से योगदान देने वाली हस्तियों को पहचान और सम्मान दिया जाएगा। समारोह का आयोजन लाडली फाउंडेशन की ओर से हिमाचल रेनबो स्टार क्लब और गोबिंद सागर एडवेंचर्स एंड वाटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सहयोग से किया जा रहा है।