-रात 2 बजे खोले गए मंदिर के कपाट, पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली से पहुंचे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। शक्तिपीठ श्री नयना देवी में रविवार की छुट्टी के चलते करीब 25 हजार श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचे। उन्होंने मां नयनादेवी जी से अपने घर परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट रात 2 बजे खोल दिए गए।
मंदिर परिसर पूरा दिन माता के जयकारों से गूंजता रहा। रविवार को पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली सहित अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही माता के दर्शनों के लिए पहुंचना शुरू हो गए। दोपहर की आरती के बाद श्रद्धालुओं का जमावड़ा सेक्टर नंबर पांच तक पहुंच गया। होमगार्ड के जवानों ने श्रद्धालुओं को छोटे जत्थों में रोक रोककर मंदिर परिसर में भेजा। श्रद्धालुओं को कतारों में माता के दर्शनों के लिए भेजा गया। श्रद्धालुओं ने भी कतारों में खड़े रहकर दर्शनों के लिए प्रतीक्षा की और शांति व्यवस्था बनाए रखी। श्रद्धालुओं ने मंदिर में हवन यज्ञ में भी आहुतियां डालीं और सुख समृद्धि की कामना की। मंदिर में पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही। वहीं समाजसेवी संस्थाओं ने मंदिर के मुख्य द्वार और निकासी गेट पर श्रद्धालुओं के लिए ठंडे जल की व्यवस्था की थी। इससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली। मंदिर न्यास की ओर से भी श्रद्धाुलओं की सुविधा के लिए उचित प्रबंध किए थे।