आजादी के दशकों बाद भड़ोलीकलां के पास ददोग टप्पे पर बनेगा पुल
बरसात में टापू बन जाता था क्षेत्र, जान जोखिम में डाल करते थे खड्ड पार
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के कोटधार इलाके के लोगों का दशकों पुराना इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बरठीं में आयोजित जनसभा के दौरान भड़ोलीकलां के समीप सरयाहली खड्ड (ददोग टप्पे) पर पुल निर्माण के लिए 2.5 करोड़ रुपये की घोषणा की है। इस घोषणा से क्षेत्र के ग्रामीणों को राहत मिली है।
पुल के निर्माण से न केवल भड़ोलीकलां, बल्कि आसपास के गांवों को भी सीधा लाभ मिलेगा। लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी, वहीं बरसात के दिनों में जान जोखिम में डालकर खड्ड पार करने की मजबूरी से भी छुटकारा मिलेगा। गौरतलब है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी कोटधार क्षेत्र के लोग पुल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। बरसात के मौसम में सरयाहली खड्ड का जलस्तर बढ़ते ही भड़ोलीकलां और आसपास के गांवों का संपर्क पूरी तरह कट जाता था। ग्रामीणों को टापू जैसी स्थिति में दिन गुजारने पड़ते थे। कई बार मरीजों, गर्भवती महिलाओं और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सरयाहली खड्ड पुल के साथ-साथ झंडूता मुख्यालय को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण री रडोह अमरोआ पुल के अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए भी 2.5 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। इस राशि से पुल का लंबित निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा, जिससे अनंदघाट और आसपास के क्षेत्रों की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से कोटधार क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि बरठीं में जनसभा के दौरान क्षेत्र की जो भी मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गईं, उन्हें सकारात्मक रूप से स्वीकार किया गया।
विवेक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री बिना किसी भेदभाव के प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रहे हैं और झंडूता क्षेत्र में स्वीकृत ये परियोजनाएं आने वाले समय में विकास के नए मील पत्थर साबित होंगी।