स्वारघाट में किसानों के लिए उपलब्ध बीज। संवाद
मांग बढ़ने पर होगी और आपूर्ति, कृषि पंजीकरण कराने की अपील
बीजों पर अनुदान बंद होने से निजी दुकानों की ओर बढ़ा किसानों का रुझान
संवाद न्यूज़ एजेंसी
स्वारघाट (बिलासपुर)। विकास खंड स्वारघाट के अंतर्गत कृषि विक्रय केंद्र स्वारघाट, स्वाहन और बस्सी के माध्यम से इस वर्ष किसानों को 224 क्विंटल मक्का बीज, 30 क्विंटल चरी और 10 क्विंटल बाजरा बीज उपलब्ध कराया गया है। कृषि उप निदेशक बिलासपुर कुलभूषण धीमान ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार मक्का बीज की खपत में 73 क्विंटल की कमी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष स्वारघाट कृषि विक्रय केंद्र के माध्यम से किसानों को 297 क्विंटल मक्का बीज, 64 क्विंटल चरी और 21 क्विंटल बाजरा बीज उपलब्ध कराया गया था। इस बार बीजों की मांग में कमी का एक प्रमुख कारण प्रदेश सरकार की ओर से कृषि बीजों पर मिलने वाले अनुदान का बंद होना माना जा रहा है। कुलभूषण धीमान ने कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष में मक्का, बाजरा और चरी सहित किसी भी कृषि बीज पर कोई अनुदान नहीं दिया जा रहा है। किसानों को सभी बीज पूर्ण मूल्य पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अनुदान न मिलने के कारण कई किसान निजी दुकानों से अपेक्षाकृत कम कीमत पर बीज खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मौजूदा सीजन में अभी तक स्वारघाट विक्रय केंद्र पर 224 क्विंटल मक्का बीज किसानों के लिए उपलब्ध कराया जा चुका है। यदि आगामी दिनों में मांग बढ़ती है तो अतिरिक्त बीज की व्यवस्था भी की जाएगी। कृषि उप निदेशक ने क्षेत्र के किसानों से अपील की कि वे अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र में जाकर कृषि पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।