अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता में मिनर्वा स्कूल का ऑलराउंड प्रदर्शन
ऑलराउंड ट्रॉफी के साथ दो विजेता और एक उपविजेता ट्रॉफी की अपने नाम
अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। अंडर-14 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के बाद अंडर-19 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सीनियर सेकेंडरी स्कूल मिनर्वा के छात्र खिलाड़ियों ने अव्वल प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता में स्कूल का ऑलराउंड प्रदर्शन रहा है।
कबड्डी व वॉलीबाल प्रतिस्पर्धा में स्कूल के खिलाड़ियों ने विजेता रहकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। जबकि बैडमिंटन में दूसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही ऑलराउंड खिताब पर भी स्कूल के खिलाड़ियों ने कब्जा जमाया है।
बच्चों के इस प्रदर्शन पर मंगलवार को स्कूल में सादे समारोह का आयोजन किया गया जिसमें सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। हाल ही में हुए अंडर-14 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन में विजेता तथा वॉलीबाल स्पर्धा में उपविजेता रहकर खिताब अपने नाम किए थे। वहीं अंडर-19 खंड स्तरीय प्रतिस्पर्धा में छात्रों ने चार ट्रॉफियों पर कब्जा जमाया।
प्रधानाचार्य प्रवेश चंदेल ने बताया कि खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों में दमदार प्रदर्शन किया है। चार ट्रॉफियों पर खिलाड़ियों ने कब्जा जमाया है। बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिला स्तर के लिए साहिल रतवान, गौरव चड्डा, कबड्डी के लिए अभिषेक राठौर, पीयूष भारद्वाज, आदर्श चंदेल व खो-खो में सुमेश शर्मा का चयन हुआ है। जबकि वॉलीबाल में उत्कर्ष नेगी, सुजल शर्मा, अभिषेक गुप्ता का चयन हुआ है। यह सभी खिलाड़ी अब जिला स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
------------------------
....खेमराज शर्मा।