बिलासपुर/केमरी (रामपुर)। उपजिलाधिकारी दुर्गाशंकर गुप्ता के निर्देश पर तहसीलदार मनोज कुमार श्रीवास्तव व ईओ वेदप्रकाश के नेतृत्व में सोमवार की दोपहर नगरपालिका प्रशासन ने पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया। ईओ की मौजूदगी में अभियान की शुरुआत नगर के मुख्य चौराहे से हुई। अभियान के दौरान टीम ने फल बेचने वाले एक ठेला स्वामी से करीब दो सौ ग्राम पॉलिथीन बरामद कर 1100 रुपये का जुर्माना वसूला। केमरी में नायब तहसीलदार कुंदन सिंह टोलिया ने किराना व्यापारी असलम की दुकान से करीब दो किलो पालीथीन बरामद कर दो हजार का जुर्माना वसूला। इस दौरान अन्य दुकानदारों व ठेले वालों में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने बताया कि पालीथीन के खिलाफ अभियान तेजी के साथ चलाया जाएगा। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक नरेंद्र कुमार, प्रदीप शर्मा व पुलिस आदि मौजूद रहीं।