अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। एलीमेंट्री प्रशिक्षित अध्यापक संघ का दसवां स्थापना दिवस बिलासपुर में मनाया गया जिसकी अध्यक्षता हिमाचल शिक्षक महासंघ के प्रधान डॉ. प्रेम शर्मा ने की। कार्यक्रम में एलीमेंट्री प्रशिक्षित अध्यापक संघ से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर डॉ. प्रेम शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार बैच के आधार पर एलीमेंट्री प्रशिक्षित अध्यापकों की सेवा को समायोजित करे। वहीं हिमाचल शिक्षक महासंघ के मुख्य संरक्षक यशवंत राणा ने कहा कि एलीमेंट्री प्रशिक्षित अध्यापकों के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है जबकि सभी अध्यापक प्रशिक्षित व टैट उत्तीर्ण हैं।
सरकार से मांग की है कि एलीमेंट्री प्रशिक्षित अध्यापकों की भर्ती जल्द की जाए। वहीं संघ के प्रधान गुरूदेव चंदेल ने कहा कि प्रदेश सरकार अनुबंध कार्यकाल का समय 3 वर्ष से कम कर 2 वर्ष करे तथा पुरानी पेंशन स्कीम को भी लागू करे तथा साथ ही अनुबंध से नियमित हुए जेबीटी अध्यापकों का प्रोवेशनल पीरियड खत्म करे। बाल सेविकाओं के बारे में भी सरकार को सोचना होगा। सभी बाल सेविकाएं पूरी तरह से प्रशिक्षित हैं और इन्हें स्कूलों में शुरू होने वाली प्री-नर्सरी कक्षाओं के लिए मौका दिया जाए। सरकार जल्द से जल्द इन मांगों को पूरा करें अन्यथा संघ को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
इस अवसर पर हिमाचल शिक्षक महासंघ के कार्यकारी प्रधान पवन शर्मा गांधी, महासचिव लायक राम शर्मा, पवन मिश्र, सहित अन्य एलीमेंट्री प्रशिक्षित अध्यापक मौजूद रहे।