बरठी(बिलासपुर)। सुन्हाणी की लींडी खड्ड पर बनने वाली पुलिया 11 सालों से शुरू नहीं हो पाई। इस पुलिया का शिलान्यास तत्कालीन सांसद अनुराग ठाकुर ने 2008 में किया था लेकिन शिलान्यास के बाद आज तक पुलिया निर्माण में एक पत्थर तक नहीं रखा गया। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार पंचायत सुन्हाणी के तहत आने वाले इस रास्ते पर पुलिया का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को खड्ड पार करने के लिए काफी सुविधा होनी थी। लींडी खड्ड बरसात के दिनों में अपना रौद्र रूप धारण कर लेती है तथा लोगों को व खासकर स्कूली बच्चों को सुन्हाणी आने के लिए कई बार अपनी जान पर भी खेलना पड़ता है।
पुलिया का शिलान्यास विधानसभा क्षेत्र के उस समय के विधायक रहे विधायक रिखी राम कौंडल के नेतृत्व में सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने 14 अक्तूबर 2008 को किया था। जानकारी के अनुसार जिस रास्ते पर इस पुलिया का निर्माण कार्य होना था वह लोगों के अवैध कब्जों की वजह से आज दिन तक नहीं हो पाया है।
लोगों को डर था कि कहीं इस पुलिया के निर्माण से बरसात में खड्ड का पानी उनके मकानों या जमीन को नुकसान न पहुंचा दे। लोगों ने इस पुलिया का निर्माण कार्य होने ही नहीं दिया। हालांकि इस पुलिया के न बनने से नुकसान रास्ते का प्रतिदिन प्रयोग करने वाले लोगों को उठाना पड़ रहा है। प्रधान ग्राम पंचायत सुन्हाणी कुसुम लता ने बताया कि मुझे इस पुलिया के बारे में जानकारी नहीं है। इसके बारे में पूर्व पंचायत प्रधान जिनके कार्यकाल में यह शिलान्यास हुआ था वही बता सकती हैं।
पूर्व पंचायत प्रधान गायत्री देवी ने कहा कि पुलिया का शिलान्यास सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के द्वारा किया गया था लेकिन लोगों को पुलिया के बनने से अपने घरों व जमीन का खतरा था जिस कारण लोगों ने कार्य नहीं होने दिया।
वहीं बीडीओ ऑफिस झंडूता से कनिष्ठ अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि कार्य शुरू किया था तथा प्रारंभिक कार्य के लिए दो लाख की राशि जारी की गई थी लेकिन लोगों ने कार्य नहीं होने दिया था।