बिलासपुर (रामपुर)। श्री बाला जी दरबार के एक महंत की पत्नी की हाईवे पर सड़क दुघर्टना में मौत हो गई और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से घर में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोठाजागीर निवासी महंत बनवारी लाल शर्मा बरेली के थाना कैंट के गांव कांधरपुर में श्री बाला जी महाराज का दरबार चलाते हैं और उनकी पत्नी सुनीता देवी शर्मा फरीदपुर थाना क्षेत्र के जेड फ्लोर मिल मंदिर में पुजारी का काम करतीं थीं। परिजनों के मुताबिक, महंत का पुत्र राहुल कुमार शर्मा शुक्रवार को बाइक से अपनी मां सुनीता देवी शर्मा (48) को भैया दूज पर अपने मामा सत्यपाल के घर जेड फ्लोर मिल जा रहा था। दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग पर फरीदपुर के पास सामने से आ रही एक ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में मां बेटा गंभीर घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली समेत भाग गया। घटना की सूचना पर फरीदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां बेटा को बरेली के अस्पताल भिजवाया। परिजन भी पुलिस की सूचना पर अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में उपचार के दौरान सुनीता की मौत हो गई। महिला की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया। मृतका के परिजनों ने ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ फरीदपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया। कोठाजागीर के पूर्व ग्राम प्रधान चंपत सिंह यादव ने बताया कि महिला का अंतिम संस्कार बरेली के चौबारी रामगंगा तट पर शनिवार को कर दिया गया है। मृतका के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं।