बिलासपुर के सभी एटीएम खाली, लोग परेशान
त्योहारी सीजन के चलते शहर में शनिवार को खाली हो गए एटीएम
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। त्योहारी सीजन के चलते बिलासपुर शहर के अधिकतर एटीएम खाली हो गए। शनिवार को पूरे शहर के एटीएम में कोई पैसा नहीं था। लोग पैसा निकालने के लिए पूरा दिन भटकते रहे। किसी भी एटीएम में पैसा न होने के चलते लोगों को खाली हाथ वापस जाना पड़ा। हालात ऐसे हो गए कि लोग 500 रुपये तक के लिए तरसने लगे। वहीं, एटीएम पर तैनात गार्डों का कहना था कि बैंक में छुट्टियां होने के चलते पैसे खत्म हो गए। अगर दो दिन की छुट्टियां हैं तो बैंक प्रबंधकों को एटीएम में पैसों की मात्रा अधिक कर देनी चाहिए थी ताकि लोग पैसा निकाल सकते।
बता दें कि बिलासपुर शहर में दो दर्जन से अधिक एटीएम हैं, लेकिन एक भी एटीएम में पैसा न होना एक चिंता का विषय है। वहीं, यह सवाल बैंक प्रबंधकों की कार्यप्रणाली पर भी खड़ा हो रहा है। प्रबंधकों को हमेशा केंद्र से आदेश जारी हुए होते हैं कि अगर छुट्टी हो तो एटीएम में पैसा की मात्रा अधिक की जाए लेकिन बिलासपुर के बैंक प्रबंधक अपने की उच्चाधिकारियों की बातों को नजर अंदाज कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि शहर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, आईडीबीआई, एचडीएफसी, यूको, आईसीआईसीआई, कोआपरेटिव, ओरियंटल और आंध्रा बैंक हैं लेकिन इन बैंकों के एटीएम मेें शनिवार को ही पैसे खत्म हो गए थे। यह सारे एटीएम सफेद हाथी की तरह खड़े थे। लोगों ने जिला प्रशासन सहित बैंक प्रबंधकों से मांग की है कि त्योहारी अवसर पर एटीएम में पैसों की मात्रा अधिक की जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो।
----------------
...शुभम राही